टी20 विश्व कप जीत के बाद हार्दिक पांड्या विवाद में, तिरंगे के अपमान का आरोप

टी20 विश्व कप जीत के बाद हार्दिक पांड्या विवाद में, तिरंगे के अपमान का आरोप

टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद जश्न के माहौल के बीच भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या एक नए विवाद में घिर गए हैं। पुणे के एक वकील ने उन पर जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

यह शिकायत शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में एडवोकेट वाजिद खान द्वारा दी गई है। उन्होंने आवेदन देकर पांड्या के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

वकील का आरोप है कि विश्व कप जीत के बाद मैदान पर जश्न मनाते समय पांड्या ने तिरंगे को अपने शरीर के चारों ओर लपेट रखा था, जो राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जश्न के दौरान पांड्या अपनी कथित गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ मौजूद थे। उस समय राष्ट्रीय ध्वज उनकी पीठ से बंधा हुआ था और वे उसी अवस्था में डांस करते और मंच पर लेटे हुए दिखाई दिए।

वाजिद खान ने अपनी शिकायत में राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान नहीं किया जा सकता।

शिकायत के अनुसार जब वे पुलिस स्टेशन पहुंचे तो शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है। हालांकि वकील का तर्क था कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए इसकी शिकायत देश के किसी भी पुलिस स्टेशन में दर्ज की जा सकती है। बाद में पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली।

इस बीच सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें हार्दिक पांड्या ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते, डांस करते और भावुक पल साझा करते नजर आ रहे हैं।

अगर पुलिस शिकायत के आधार पर जांच शुरू करती है तो वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा सकती है। वहीं खेल प्रदर्शन की बात करें तो पूरे टूर्नामेंट में पांड्या ने 9 मैचों में 217 रन बनाए और दो अर्धशतक जड़े, जिसके चलते उन्हें आईसीसी टीम ऑफ द टूर्नामेंट 2026 में भी शामिल किया गया।