नारसन ब्लॉक में 10 दिवसीय डिजिटल साक्षरता मिशन प्रशिक्षण का शुभारंभ

नारसन ब्लॉक में 10 दिवसीय डिजिटल साक्षरता मिशन प्रशिक्षण का शुभारंभ

स्थान : मंगलौर
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड सरकार की पहल पर नारसन ब्लॉक में 10 दिवसीय डिजिटल साक्षरता मिशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी, युवा कल्याण विभाग और प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त तत्वाधान में विकासखंड सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर मनीष सिंह ने बताया कि यह विशेष प्रशिक्षण कुल 60 घंटे का होगा। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता और डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में डिजिटल माध्यमों का ज्ञान बेहद जरूरी हो गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे डिजिटल सेवाओं का सही उपयोग कर सकें।

मनीष सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी से भी बचाव करना सीखेंगे। इसके साथ ही उन्हें डिजिटल भुगतान प्रणाली और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं के कौशल को विकसित करना है। इससे युवाओं को नई तकनीक से जुड़ने और रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। यह प्रमाण-पत्र भविष्य में डेटा एंट्री ऑपरेटर जैसी नौकरियों और सरकारी विभागों में रोजगार पाने में सहायक साबित हो सकते हैं।

कार्यक्रम में महिला मंगल दल की ओर से पूजा रानी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में गूगल पे और फोन पे जैसे डिजिटल माध्यमों का ज्ञान होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आजीविका को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।