
स्थान : लालकुआँ
ब्यरो रिपोर्ट

कृषि कुम्भ के रूप में प्रसिद्ध चार दिवसीय 119वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन 13 से 16 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इस मेले का आयोजन गोविन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा किया जा रहा है।


विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नवीनतम कृषि तकनीकों का एक ही स्थान पर प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले की पशु प्रदर्शनी में पहली बार कुत्तों की प्रदर्शनी को भी शामिल किया जा रहा है, जो मेले का एक नया आकर्षण होगा।

मेले की थीम “समृद्ध महिला, सशक्त महिला” रखी गई है। इसके माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

इस किसान मेले में विश्वविद्यालय और निजी संस्थानों के बीज, उद्यानिकी, खाद, कृषि मशीनरी और कृषि से जुड़ी अन्य सामग्री के लगभग 500 स्टॉल लगाए जाएंगे।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों किसान भाग लेंगे और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। इससे किसानों को खेती में नई तकनीकों को अपनाने का अवसर मिलेगा।

मेले का विधिवत उद्घाटन 14 मार्च को दोपहर 3 बजे गांधी हॉल में पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद, कृषि मंत्री और कई विधायक भी मौजूद रहेंगे।
वहीं मेले का समापन 16 मार्च को अपराह्न 3 बजे मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी द्वारा किया जाएगा, जो उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल रह चुके हैं। यह मेला किसानों के लिए नई तकनीक और नवाचारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

