उत्तराखंड में मौसम बदलेगा, कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम बदलेगा, कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में मौसम के अचानक खराब होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

इसके अलावा देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा जिलों में भी हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इन इलाकों में दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका असर खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक देखने को मिल सकता है।

ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वहीं 15 मार्च को मैदानी इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में बदलते मौसम को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी जारी की है।