देहरादून मार्ग पर पलटा ओवरलोड ट्रक, बड़ा हादसा टला

देहरादून मार्ग पर पलटा ओवरलोड ट्रक, बड़ा हादसा टला

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पत्थरों से भरा एक ट्रक तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब ट्रक तेज रफ्तार में मोड़ पार कर रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क पर पलट गया।

घटना के समय काली मंदिर परिसर में भंडारा चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग प्रसाद लेने के लिए मौजूद थे। ट्रक के पलटने से कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कार सवार राहुल ने बताया कि ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी और उसके बाद सड़क पर पलट गया। उन्होंने बताया कि कार मालिक उस समय वाहन से कुछ दूरी पर खड़े थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक में क्षमता से अधिक पत्थर लदे हुए थे। ओवरलोड होने के कारण मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और हादसा हो गया।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मार्ग को जल्द ही सुचारु कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यदि ट्रक ओवरलोड पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।