
स्थान : रामनगर, उत्तराखंड
संवाददाता : सलीम अहमद साहिल

पर्यटन नगरी रामनगर में नियमों की अनदेखी कर कारोबार करने वाले होटल और रिसॉर्ट संचालकों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में ढिकुली क्षेत्र में संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया, जिससे होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया।


इस छापेमारी में पर्यटन विभाग, फायर विभाग, फूड सेफ्टी विभाग, जीएसटी विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की टीमें शामिल रहीं। टीम ने होटल और रिसॉर्ट्स में दस्तावेजों की वैधता, फायर सेफ्टी, फूड सेफ्टी मानक, पुलिस वेरिफिकेशन और अन्य अनिवार्य नियमों की बारीकी से जांच की।

जांच में कई होटल और रिसॉर्ट नियमों की अनदेखी करते पाए गए। गंभीर खामियां मिलने पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई और नोटिस जारी किए गए।


विशेष रूप से नदिया पड़ाव होटल सभी मानकों पर खरा उतरा, जबकि कंट्री इन होटल में कुछ दस्तावेज और नियम अधूरे पाए गए। प्रशासन ने यहां तुरंत सुधार के निर्देश जारी किए।
सबसे अधिक लापरवाही चिरईया रिसोर्ट में पाई गई। जांच में फायर सेफ्टी, फूड सेफ्टी, पॉल्यूशन नियंत्रण, पुलिस वेरिफिकेशन, जीएसटी और एसटीपी जैसे कई अनिवार्य मानकों की अनदेखी सामने आई। संबंधित विभागों ने रिसोर्ट प्रबंधन को नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने साफ चेतावनी दी है कि नोटिस में तय समय के भीतर सभी कमियों को दूर करना अनिवार्य होगा। समय पर सुधार नहीं होने पर कड़ी और दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्यटन नगरी रामनगर में नियमों से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ऐसे संयुक्त अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे ताकि पर्यटन स्थलों में सुरक्षा, साफ-सफाई और नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा सके।

