
स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

जनपद नैनीताल में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु है। एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि शासन/प्रशासन ने प्रदेश में पर्याप्त ईंधन स्टॉक सुनिश्चित कर रखा है और कोई कमी नहीं है।


मध्य एशिया में जारी तनाव के दौरान सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलाई गई अफवाहों को प्रशासन ने खारिज किया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्व और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उच्च स्तरीय समीक्षा में यह भी बताया गया कि पूरे उत्तराखंड में 2-3 हफ्तों से अधिक का एलपीजी स्टॉक पहले से मौजूद है। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार सहित बड़े बॉटलिंग प्लांटों में उत्पादन निरंतर जारी है।


एसएसपी ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने की घोषणा की। यदि कोई डीलर या एजेंसी ब्लैक मार्केटिंग, जमाखोरी या आपूर्ति में गड़बड़ी में संलिप्त पाया गया, तो उस पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी।

कालाबाजारी करने वाली एजेंसियों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। ईंधन ट्रकों और टैंकरों को नुकसान पहुँचाने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने QRT (Quick Response Teams) का गठन किया है, जिसमें तहसीलदार, एसडीएम और सीओ शामिल हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करेंगी और स्टॉक की मॉनिटरिंग करती रहेंगी।


जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। यदि किसी को आपूर्ति में समस्या आती है, तो वे आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ जनता की सुरक्षा और ईंधन आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

