
स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

लंबे समय से लोहाघाट में जानवरों के वध और मांस की गुणवत्ता को लेकर स्लॉटर हाउस और चिकित्सकीय परीक्षण की मांग उठती रही।


जनता को स्वस्थ पशु का मांस उपलब्ध कराने के उद्देश्य को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर नगर पालिका लोहाघाट ने मीट मंडी के पास स्लॉटर हाउस का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है।


नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने बताया कि स्लॉटर हाउस में ईटीपी (Effluent Treatment Plant) संयंत्र के निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं और जल्द ही इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद स्लॉटर हाउस में आधुनिक तकनीक के साथ पशुओं का वध किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सकों द्वारा पशुओं का चिकित्सकीय परीक्षण करने के बाद ही वध की अनुमति दी जाएगी। इससे न केवल मांस की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी बल्कि जनता को सुरक्षित और स्वस्थ मांस उपलब्ध होगा।

सौरभ नेगी ने बताया कि स्लॉटर हाउस की सूचना सभी मीट व्यापारियों को दे दी गई है।
जनता ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है और इसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम बताया गया है।


