ईरान-इजरायल युद्ध का असर: ऋषिकेश में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित

ईरान-इजरायल युद्ध का असर: ऋषिकेश में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित

स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का असर अब घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर दिखाई देने लगा है। तीर्थ नगरी ऋषिकेश में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में बाधा आई है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग की समय सीमा 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है।

सोशल मीडिया पर इस जानकारी के तेजी से वायरल होने के बाद उपभोक्ताओं में चिंता की लहर देखने को मिली है। इससे पहले तेल कंपनियों ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ा दिए थे, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को आर्थिक झटका लगा।

जिला आपूर्ति अधिकारी के के अग्रवाल ने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देश के तहत एलपीजी गैस सिलेंडरों की प्राथमिकताएं तय की गई हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को पहली प्राथमिकता दी गई है, जबकि सेकंड प्राथमिकता में होटल और रेस्टोरेंट कारोबारी शामिल हैं।

इसके अलावा अस्पताल, स्कूल, छात्रावास आदि संस्थानों को पिछले दो महीने की खपत के अनुसार गैस की सप्लाई नियंत्रित की जाएगी। जिले में गैस की कालाबाजारी करने वालों पर भी प्रशासन की टीम लगातार नजर रख रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी का दावा है कि यदि कोई व्यक्ति गैस का स्टॉक अपने पास रखता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी घरेलू और कमर्शियल उपभोक्ताओं से संयम और सहयोग की अपील की।

कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने के कारण शहर के तमाम होटल और रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडर के ब्लैक मार्केट में जाने की संभावना बढ़ गई है। इसे रोकने के लिए पूर्ति विभाग ने विशेष निगरानी और इंतजाम किए हैं।

जिला प्रशासन का कहना है कि इस संकट के दौरान प्राथमिकताएं सुनिश्चित करते हुए उपभोक्ताओं को आवश्यक गैस पहुंचाने की पूरी कोशिश की जाएगी। नागरिकों से आग्रह है कि वे संयम बरतें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।