
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा के विधायक राम सिंह कैड़ा ने गैरसैंण में चल रहे बजट सत्र के दौरान सदन में सरकार के समक्ष गंभीर समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल में बाघ और गुलदार के हमलों से चार महिलाओं की जान जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।


विधायक कैड़ा ने कहा कि बाघ और गुलदार के हमलों से प्रभावित परिवारों को नौकरी देने और स्थानीय लोगों को इन खतरनाक जानवरों से सुरक्षा प्रदान करने हेतु ठोस नीति बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की।


सदन में विधायक ने लंबित मोटर मार्गों के निर्माण की भी मांग की। उन्होंने कहा कि मौजूदा मार्गों पर डामरीकरण किया जाए और नए मोटर मार्गों का निर्माण करके ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही को आसान बनाया जाए।

विधायक ने वन विभाग और नोडल अधिकारियों से लंबित मोटर मार्गों की स्वीकृति देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह कदम ग्रामीण विकास और पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण है।
भ्रमण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने भीमताल, नौकुचियाताल, कमलताल, हरीशताल, लोहाखामताल, छोटा कैलाश मंदिर, बृहस्पति महाराज मंदिर, विनायक गोल्ज्यू मंदिर, सोमवारी महाराज मंदिर और मुक्तेश्वर धाम को और विकसित करने की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा विधायक ने ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल की नदियों के किनारे ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु सुरक्षात्मक कार्य करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि नदी किनारे असुरक्षित मार्गों और जंगलों में सुरक्षा उपाय न किए जाने से स्थानीय लोग खतरे में हैं।

सदन में इन मांगों को उठाने के बाद विधायक ने सरकार से अनुरोध किया कि ग्रामीण सुरक्षा, पर्यावरण और पर्यटन विकास को प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

