विकासनगर में NH-507 चौड़ीकरण को लेकर जुबिन नौटियाल ने नितिन गडकरी से की मुलाकात

विकासनगर में NH-507 चौड़ीकरण को लेकर जुबिन नौटियाल ने नितिन गडकरी से की मुलाकात

स्थान – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के विकासनगर की विरासत, व्यापार और स्थानीय आजीविका को सुरक्षित रखने के लिए स्थानीय नेताओं की आवाज़ अब दिल्ली तक पहुंच गई है। मशहूर गायक जुबिन नौटियाल और उनके पिता, वरिष्ठ भाजपा नेता रामशरण नौटियाल, ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर NH-507 के प्रस्तावित चौड़ीकरण और एलिवेटेड रोड के मुद्दों पर स्थानीय जनता की चिंताओं से अवगत कराया।

विकासनगर में प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग-507 के चार लेन चौड़ीकरण और एलिवेटेड रोड के प्रस्ताव से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में लंबे समय से विरोध देखा जा रहा है। इसके कारण व्यापार और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका जताई जा रही है।

जुबिन नौटियाल और उनके पिता ने केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने बताया कि यदि मुख्य बाजार के बीच से एलिवेटेड रोड बनाई जाती है, तो विकासनगर का पूरा बाजार अंधेरे में डूब सकता है और सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी।

पत्र में यह भी कहा गया कि सड़क चौड़ीकरण की स्थिति में कई ऐतिहासिक मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे, चर्च और शैक्षणिक संस्थान भी सड़क निर्माण की जद में आ सकते हैं, जिससे शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान खतरे में पड़ सकती है।

जुबिन और रामशरण नौटियाल ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया कि स्थानीय जनता पहले ही आयोजित बैठकों में विभाग द्वारा प्रस्तावित मौजूदा विकल्पों को खारिज कर चुकी है। उन्होंने मांग की कि विभाग द्वारा सुझाए गए विकल्प संख्या 1 और 3 पर गंभीरता से विचार किया जाए।

इन विकल्पों में मौजूदा सड़कों का उपयोग करते हुए हाईवे को अंबाड़ी में जोड़ा जा सकता है, जिससे व्यापार और स्थानीय जीवन पर कम प्रभाव पड़ेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि विकास जरूरी है, लेकिन ऐसा विकास नहीं होना चाहिए जिससे विकासनगर की सांस्कृतिक पहचान और व्यापारिक अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाए।

स्थानीय व्यापारी और नागरिक इस कदम का स्वागत कर रहे हैं और उम्मीद जताते हैं कि केंद्रीय मंत्री के संज्ञान में आने के बाद प्रस्तावित योजना में संशोधन होगा और विकासनगर के हितों का ध्यान रखा जाएगा।