लोहाघाट: ट्रेंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक निस्तारण प्रारंभ

लोहाघाट: ट्रेंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक निस्तारण प्रारंभ

स्थान – लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर पालिका परिषद लोहाघाट के ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसका शुभारंभ आज मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने किया।

नगर पालिका इस काम के लिए ट्रॉमल मशीन का उपयोग कर रही है। मशीन के माध्यम से कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर नियमानुसार निस्तारित किया जा रहा है। कचरे को जैविक, अजैविक और इनर्ट श्रेणियों में बांटकर वैज्ञानिक पद्धति से उसका प्रबंधन किया जाएगा।

पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने बताया कि इस प्रक्रिया से पुराने कूड़े के ढेर को समाप्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में नगर में उत्पन्न होने वाले कूड़े का भी बेहतर प्रबंधन किया जाएगा।

उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि स्वच्छ और सुंदर लोहाघाट बनाने में सहयोग करें। इसके लिए घर-घर से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखें और केवल नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी को दें। खुले में कूड़ा फेंकने से बचें।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने बताया कि लीगेसी वेस्ट का चरणबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। भविष्य में उत्पन्न होने वाले ताजा कूड़े का प्रबंधन डोर-टू-डोर कलेक्शन और सेग्रीगेशन के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि प्लांट में लीगेसी वेस्ट को दो श्रेणियों में बांटा जाएगा। पहली श्रेणी से खाद तैयार की जाएगी, जो क्षेत्र के किसानों को उचित दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि दूसरी श्रेणी को सीमेंट फैक्ट्री को उपलब्ध कराया जाएगा।

सौरभ नेगी ने कहा कि इस प्रक्रिया से पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और नगर पालिका की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने नगरवासियों से फिर से अपील की कि कूड़ा प्रबंधन में सहयोग करें, ताकि लोहाघाट को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।