सितारगंज में प्रशासन की कार्रवाई, ग्रीष्मकालीन धान की फसल नष्ट

सितारगंज में प्रशासन की कार्रवाई, ग्रीष्मकालीन धान की फसल नष्ट

स्थान – सितारगंज
रिपोर्टर – तनवीर अंसारी

क्षेत्र में पानी की बढ़ती समस्या को देखते हुए प्रशासन ने ग्रीष्मकालीन धान की फसल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश पर तहसील प्रशासन की टीम ने तुर्कातीसौर और कल्याणपुर गांव में कार्रवाई करते हुए ग्रीष्मकालीन धान की फसल को नष्ट कर दिया।

प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में धान की खेती से पानी की खपत अत्यधिक बढ़ जाती है, जिससे क्षेत्र में जल संकट गहराने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जनहित में यह निर्णय लिया गया है।

तहसील प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर खेतों का निरीक्षण किया और जहां भी ग्रीष्मकालीन धान की खेती पाई गई, उसे नष्ट करने की कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि पहले भी किसानों को इस संबंध में निर्देश दिए जा चुके थे।

अधिकारियों के अनुसार बेमौसमी धान की खेती से फसल चक्र भी प्रभावित हो रहा है। इससे मिट्टी की उर्वरता पर असर पड़ता है और जल संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि जल संरक्षण के साथ-साथ कृषि उत्पादन भी प्रभावित न हो।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के किसानों में हड़कंप मच गया है। कई किसान प्रशासन के इस कदम को लेकर चर्चा करते नजर आए।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी ग्रीष्मकालीन धान की खेती की जाती है तो इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए निर्धारित फसल चक्र का पालन करें।