
स्थान- लालकुआं
ब्यरो रिपोर्ट

जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सोमवार को लालकुआं स्थित गौला गेट पर परिवहन विभाग, खनन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।


सहायक परिवहन अधिकारी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान खनन सामग्री ले जाने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। टीम ने ओवरलोडिंग, तिरपाल (कवर) की व्यवस्था, तौल कांटे पर वजन की प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।


जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर तौल पर्ची में लोड का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया जा रहा है। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। संबंधित विभागों को इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी और जिलाधिकारी को भी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।


संयुक्त टीम ने खनन क्षेत्र में धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि खनन सामग्री ले जाने वाले सभी वाहनों को तिरपाल से ढककर ही परिवहन करना होगा, ताकि सड़क पर धूल और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
अभियान के दौरान ओवरलोडिंग के मामले में एक वाहन को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 20 से 30 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें कई वाहनों के चालान भी किए गए।
अधिकारियों का कहना है कि खनन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित नियमों और खनन नीति के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

इस मौके पर खनन पर्यवेक्षक जय प्रकाश, वन विकास निगम के नरेंद्र मर्तोलिया, परिवहन विभाग के एसई गिरीश कांडपाल, निधि सिंह, महेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

