
स्थान : थराली (चमोली)

ब्यूरो रिपोर्ट

थराली विकासखंड सभागार में यूकेडी (उत्तराखंड डेवलपमेंट कमिटी) की ब्लॉक इकाई की अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ब्लॉक इकाई का गठन किया गया और क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ संगठन विस्तार पर विशेष चर्चा हुई।


बैठक में पृथ्वी सिंह नेगी को यूकेडी का ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किया गया। केंद्रीय कमेटी ने कार्यकर्ताओं को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने और थराली को जिला घोषित करने की मांग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के लंबे समय बाद भी उत्तराखंड को स्थायी राजधानी नहीं मिली है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है।

यूकेडी केंद्रीय कमेटी के वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने बारी-बारी से शासन किया, लेकिन राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों के लोग आज भी सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
केंद्र और राज्य सरकार से अपील की गई कि पहाड़ी क्षेत्रों के विकास और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए।


बैठक में संगठन विस्तार के साथ-साथ स्थानीय मुद्दों पर भी मंथन किया गया, जिससे ब्लॉक स्तर पर यूकेडी की रणनीति को मजबूत किया जा सके और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।
यूकेडी कार्यकर्ताओं ने बैठक में अपने स्थानीय और राजनीतिक एजेंडे को स्पष्ट किया और कहा कि वह जनहित और विकास के मुद्दों को लेकर सतत संघर्ष करते रहेंगे।

