
स्थान : चंपावत

ब्यूरो रिपोर्ट

8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को चंपावत जिले में जोश और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। लोहाघाट के छमनिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में महिला खिलाड़ियों के लिए कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।


जिला युवा अधिकारी आशीष पाल ने बताया कि महिला खिलाड़ियों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही रस्सा कस्सी प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण के रूप में रखी गई है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 300 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है और प्रक्रिया अभी भी जारी है।


आशीष पाल ने सभी बालिकाओं, युवतियों और महिला खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विजेता खिलाड़ियों को माय भारत की ओर से आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
साइ सेंटर के कोच मोहन सिंह राणा और एथलीट रिया, यशदेव, दिया और प्रीति ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा और उत्साह का स्रोत होती हैं। उन्होंने क्षेत्र की सभी महिला खिलाड़ियों और छात्राओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
जिला अधिकारी ने यह भी बताया कि सरकार लगातार प्रयासरत है कि महिलाएं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें। इसी उद्देश्य से लोहाघाट में पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण भी चल रहा है, जिससे महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकें।


