
स्थान : हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैरागी कैंप स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी तैयारियों की समीक्षा की।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गृह मंत्री के कार्यक्रम के सभी पहलुओं पर सटीक और समयबद्ध तैयारी हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात, जनसभा और कार्यक्रम प्रोटोकॉल के सभी इंतजाम पूरे किए गए हैं।

कार्यक्रम स्थल पर उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसमें सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही नागरिकता संशोधन अधिनियम और नई भारतीय न्याय संहिता से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देने के लिए अलग से प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पांच लोगों को नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद ये सभी व्यक्ति भारत के नागरिक बन जाएंगे। इस क्षण को कार्यक्रम का प्रतीकात्मक और महत्वपूर्ण हिस्सा बताया जा रहा है।

सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है। मुख्यमंत्री धामी ने बैरागी कैंप में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और जनसभा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड में हैं और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अंतिम तैयारियों में जुटे हुए हैं।

