काशीपुर में रचा जाएगा इतिहास, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संग मनेगी भव्य होली

काशीपुर में रचा जाएगा इतिहास, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संग मनेगी भव्य होली

स्थान : काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में इस बार होली का पर्व ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री आम जनता के बीच रंगों के उत्सव में शामिल होंगे और नगर निगम प्रांगण सांस्कृतिक संगम का गवाह बनेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 11 बजे बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। उनके आगमन को लेकर शहरभर में उत्साह का माहौल है।

यह आयोजन काशीपुर के नगर निगम प्रांगण में किया जा रहा है, जहां भव्य मंच सजाया गया है। प्रशासन और नगर निगम द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

काशीपुर के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब सूबे के मुखिया जनता के बीच उतरकर होली का रंगोत्सव मनाएंगे। इसे लेकर स्थानीय नागरिकों में खासा जोश देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी। लोक गायक इंद्र आर्या, गोविंद दिगारी और खुशी जोशी अपनी सुरीली आवाज से समां बांधेंगे।

इसके अलावा मशहूर गायक आलोक कुमार की जादुई प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगने की उम्मीद है। उनकी गायकी से पूरा नगर निगम प्रांगण गूंज उठेगा।

कार्यक्रम में फूलों की होली और रास कलाकारों की मनोहारी झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। आयोजकों का दावा है कि पूरा परिसर ‘मिनी वृंदावन’ जैसा दृश्य प्रस्तुत करेगा।

भव्य आयोजन महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी में काशीपुर रंगों से सरोबार होगा और यह आयोजन शहर की पहचान बनेगा।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। नगर निगम प्रांगण में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल तैनात किया गया है।

शहरवासियों में मुख्यमंत्री के साथ होली मनाने को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। लोग इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं।

आयोजकों का कहना है कि यह रंगोत्सव काशीपुर के सांस्कृतिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है और इसकी हर झलक यादगार होगी।