फागोत्सव में झूमीं महिला टोलियां, शोभायात्रा और स्वांग प्रतियोगिता ने बांधा समां

फागोत्सव में झूमीं महिला टोलियां, शोभायात्रा और स्वांग प्रतियोगिता ने बांधा समां

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित फागोत्सव में इस वर्ष भी नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की बीस महिला टीमों के साथ अल्मोड़ा, नैनीताल और भवाली की महिला टोलियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। रंग, राग और परंपरा से सजा यह आयोजन नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना।

फागोत्सव के तहत महिला टोलियों ने नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं होली गीत गाते हुए नगर भ्रमण करती रहीं, जिससे पूरा वातावरण फागुनी रंग में रंग गया।

शोभायात्रा के बाद शिव मंदिर परिसर में होली स्वांग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागी टीमों ने हास्य-व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को खूब गुदगुदाया। सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर कटाक्ष भी स्वांग का प्रमुख आकर्षण रहा।

होली गायन प्रतियोगिता में नैनी महिला जागृति संस्था नैनीताल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कला संस्कृति संगम अल्मोड़ा द्वितीय और मस्तमौला ग्रुप रानीखेत तृतीय स्थान पर रहे।

वहीं स्वांग प्रतियोगिता में कला संस्कृति संगम अल्मोड़ा प्रथम, मां नंदा सुनंदा महिला समिति भवाली द्वितीय और नारी शक्ति रानीखेत तृतीय स्थान पर रहे। विजेता टीमों को नगद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

फागोत्सव के अंतर्गत भव्य होली गायन यात्रा भी निकाली गई, जिसमें बीस महिला होल्यार टीमों ने गांधी चौक में सामूहिक प्रस्तुति दी। नगर के विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों और नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत करते हुए जलपान की व्यवस्था की।

शोभायात्रा केमू स्टेशन से प्रारंभ होकर सदर बाजार, रोडवेज और जरूरी बाजार होते हुए शिव मंदिर पहुंची। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक करण माहरा और विशिष्ट अतिथि पालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने चीर बांधकर किया।

कार्यक्रम में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद खुल्बे और समाजसेवी अतुल अग्रवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने सभी अतिथियों का पारंपरिक स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।

स्वांग अभिनय में महिला टीमों ने सामाजिक कुरीतियों और समसामयिक मुद्दों को मंच पर प्रस्तुत कर संदेश भी दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में करण माहरा ने संस्कृति संरक्षण के लिए कार्य कर रही समिति की सराहना की और भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया। अरुण रावत और विनोद खुल्बे ने भी आयोजन को सराहनीय बताते हुए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नैनीताल के प्रसिद्ध होली गायक स्व. दिनेश चंद्र जोशी ‘कन्नू उस्ताद’ की स्मृति में उदीयमान टीम पुरस्कार प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल में संगीत शिक्षक दिनेश चंद्र जोशी, मीनाक्षी उप्रेती और मेघा शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक पंत ने किया, जबकि अनेक गणमान्य नागरिक और समिति सदस्य उपस्थित रहे।

ये टीमें रही शामिल
गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला
नैनी महिला जागृति संस्था नैनीताल
मां नंदा सुनंदा महिला समिति भवाली
नारी शक्ति दुभडा़ देवलीखेत
च्येली ब्वारी ग्रुप रानीखेत
कला संस्कृति संगम ग्रुप अल्मोडा़
रंगीलों कुमाऊं रानीखेत
मस्तमौला ग्रुप रानीखेत
जय मां झूला देवी समिति भड़गांव
लोक लहरिया होल्यार पिलखोली
नारी शक्ति रानीखेत
महिला शक्ति गाड़ी
जय मां काली महिला समूह ग्राम पाखुडा़
उन्नति महिला समूह सौनी
जगदम्बा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला
मां वैष्णवी स्वयं सहायता समूह काकड़ीघाट नौगांव
नीलकंठ महिला समिति आबकारी रानीखेत
जय निरंकार देवता क्लब एरोड़
जय गोलू देवता क्लब एरोड़
होली की टोली पिलखोली