बेरीपड़ाव में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूटी सवार युवक की मौत, युवती गंभीर

बेरीपड़ाव में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूटी सवार युवक की मौत, युवती गंभीर

ब्यूरो रिपोर्ट
स्थान :
लालकुआँ

राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेरीपड़ाव के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

घटना अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 32 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्ण नंद कांडपाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव की 25 वर्षीय युवती नेहा कांडपाल पुत्री पुष्कर कांडपाल ने उनसे लिफ्ट ली और स्कूटी पर साथ बैठ गई।

बताया गया है कि नेहा एक निजी कंपनी में कार्यरत है और ड्यूटी के लिए जा रही थी। दोनों जैसे ही गांव की सड़क से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़े, आगे चल रहे डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर (संख्या यूके 01-सीए 3035) को पार करने के दौरान स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डंपर के नीचे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आ गया।

गंभीर चोट लगने के कारण कार्तिक कांडपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नेहा के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर किया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए सख्त यातायात निगरानी की मांग की है।