मुख्यमंत्री के दौरे को बताया ऐतिहासिक, एक अरब की योजनाओं से विकास को नई दिशा: नवीन दुम्का

मुख्यमंत्री के दौरे को बताया ऐतिहासिक, एक अरब की योजनाओं से विकास को नई दिशा: नवीन दुम्का

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

लालकुआं-हल्द्वानी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के लिए विकास योजनाओं की घोषणा को ऐतिहासिक पहल बताते हुए पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने कहा कि लगभग एक अरब रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और भूमि पूजन पूरे जनपद के विकास को नई दिशा देगा।

अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनपद के दीर्घकालिक विकास की ठोस शुरुआत है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि घोषित योजनाओं में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। नलकूपों में स्टेबलाइजर लगाने के लिए धन आवंटित किया गया है, जिससे वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

दुम्का ने कहा कि कई ग्राम सभाओं में जल जीवन मिशन के तहत बजट के अभाव में लंबित पड़ी पेयजल योजनाओं को पूरा करने की व्यवस्था की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण और नवीनीकरण के लिए भी पर्याप्त धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे गांव और शहर के बीच संपर्क बेहतर होगा और आवागमन सुगम बनेगा।

पूर्व विधायक ने कहा कि पशुपालन एवं दुग्ध विकास से संबंधित योजनाओं को भी इस पैकेज में शामिल किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जनपद नैनीताल की जनता में सरकार के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ करेगा। सरकार “सरकार जनता के द्वार” की अवधारणा को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।

वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जंगलों में आग रोकना केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। वन विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार वनाग्नि नियंत्रण के लिए आवश्यक बजट भी उपलब्ध करा रही है। साथ ही महिलाओं को दूरस्थ जंगलों में जाने से बचाने के लिए घास और चारा उपलब्ध कराने जैसे कदम सकारात्मक परिणाम देंगे।

वन्यजीव हमलों की घटनाओं का जिक्र करते हुए दुम्का ने कहा कि सरकार द्वारा मुआवजा राशि में वृद्धि किया जाना सराहनीय निर्णय है। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जीवन स्तर में सुधार लाना है। इन योजनाओं से किसानों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों सभी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

दुम्का ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास होगा और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित योजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।

अंत में उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है और इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से आम जनता को सीधे लाभ पहुंचेगा |