
स्थान : नैनीताल

ब्यूरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कोतवाली मीटिंग हॉल में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध होने पर बीट कॉन्स्टेबल से लेकर हल्का प्रभारी तक जवाबदेही तय की जाएगी।


बैठक में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, महिला अपराध और साइबर ठगी पर सख्त कार्रवाई तथा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी और सत्यापन भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए। नशे में ड्राइविंग, स्टंट और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा रात्रि चेकिंग में एल्कोमीटर का अनिवार्य उपयोग होगा।

त्योहारों पर विशेष नजर
आगामी होली और रमजान पर्व को देखते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उत्पात मचाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए विशेष सेल सक्रिय कर दी गई है।

महिला सुरक्षा के मद्देनजर होली ड्यूटी में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित करने को कहा गया है।


उत्कृष्ट सेवा सम्मान
बैठक के दौरान 39 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया, जबकि पुलिस परिवार के 14 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

एसएसपी ने कहा, “कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

