
स्थान : लोहाघाट चम्पावत

ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर लोहाघाट पहुंचे, जहां उन्होंने छमनिया स्टेडियम में निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण किया।

टनकपुर से हवाई मार्ग से पहुंचे मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2 बजे छमनिया स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।


करीब 272 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉलेज के बनने से चंपावत सहित पूरे प्रदेश की बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। अब तक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के अभाव में बालिकाओं को अन्य राज्यों में प्रशिक्षण के लिए जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खर्च होता था।


उन्होंने कहा कि इस संस्थान में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि प्रदेश की बालिका खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

