विकासनगर में खनन से लदे ट्रकों ने पशुओं को कुचला, पांच भैंसों की मौत

विकासनगर में खनन से लदे ट्रकों ने पशुओं को कुचला, पांच भैंसों की मौत

स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून जनपद के विकासनगर में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। तेज रफ्तार खनन से लदे ट्रकों ने सड़क किनारे चल रहे बेजुबान पशुओं को कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गाय, एक बछड़ा और कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना विकासनगर के आदूवाल गांव स्थित फोरलेन हाईवे पर हुई। तड़के सुबह जब पूरा इलाका नींद में था, तभी हिमाचल की ओर से आ रहे खनन से भरे तेज रफ्तार ट्रकों ने वन गुर्जरों के पशुओं के झुंड को रौंद दिया।

स्थानीय लोगों ने कुछ ट्रकों को रोक लिया, लेकिन कई चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति हादसे में घायल नहीं हुआ। वन गुर्जरों को इस हादसे से लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक चालकों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके।

स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसे बेलगाम ट्रकों पर जल्द ही नियंत्रण रखा जाए, ताकि भविष्य में बेजुबान पशुओं की जान बचाई जा सके।