एलयूसीसी घोटाले की पीड़ित महिलाओं की पदयात्रा रोकी, श्रीनगर में धरना

एलयूसीसी घोटाले की पीड़ित महिलाओं की पदयात्रा रोकी, श्रीनगर में धरना

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

एलयूसीसी घोटाले की पीड़ित महिलाओं ने धन वापसी और सीबीआई जांच की समय सीमा तय करने की मांग को लेकर बुधवार को श्रीनगर से दिल्ली तक पदयात्रा शुरू की। हालांकि पुलिस प्रशासन ने पदयात्रा को श्रीनगर से करीब दो किलोमीटर दूर एनआईटी के समीप रोक दिया।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद महिलाएं सुबह करीब 10 बजे से वहीं धरने पर बैठ गईं। महिलाओं का कहना था कि वे अपनी जमा पूंजी वापस पाने और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जा रही थीं।

डॉ. प्रताप भंडारी गिरफ्तार

महिलाओं को रोके जाने की सूचना पर पहुंचे पूर्व पीसीसी सदस्य व चौरास क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य डॉ. प्रताप भंडारी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान डॉ. भंडारी ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि लोकतंत्र और नागरिकों के मूल अधिकारों का हनन किया जा रहा है।

काफी गहमागहमी के बाद पुलिस उन्हें करीब 14 किलोमीटर दूर कलियासौड़ पुलिस चौकी ले गई।

महिलाओं को छोड़ा, फिर पैदल दिल्ली रवाना

बताया गया कि गिरफ्तार की गई महिलाओं को शाम के समय रिहा कर दिया गया। इसके बाद महिलाएं शाम करीब 6:30 बजे पैदल ही दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

पुलिस का पक्ष

सीओ अनुज कुमार ने बताया कि मामला पहले से सीबीआई जांच के अधीन है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के कार्यक्रम आयोजित किया गया था और सुरक्षा की दृष्टि से पदयात्रा को रोका गया।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। पीड़ित महिलाएं अपनी मांगों पर अडिग हैं, जबकि प्रशासन सुरक्षा और अनुमति संबंधी नियमों का हवाला दे रहा है।