रिहायशी इलाकों में गुलदार का आतंक, नागरिकों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

रिहायशी इलाकों में गुलदार का आतंक, नागरिकों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर – संजय जोशी

नगर के मुख्य बाजार और आसपास के रिहायशी इलाकों में गुलदार की लगातार आवाजाही से दहशत का माहौल बना हुआ है। गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर नागरिकों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए वन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पिंजरा लगाने के निर्देश देने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर क्षेत्र, मुख्य बाजार तथा बद्रीव्यू, जरूरी बाजार, सुदामापुरी, राजपुर, सरना गार्डन, केमू स्टेशन, सेवा सदन, स्प्रिंग फील्ड और रानीखेत बाजार से लगे मोहल्लों में पिछले कुछ समय से प्रतिदिन शाम के समय गुलदार दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर एक से अधिक गुलदार देखे जाने की बात भी सामने आई है।

स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल है। शाम ढलते ही लोग जल्दी-जल्दी अपने घरों को लौट रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि अब तक न तो प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरा लगाया गया है और न ही वन विभाग की ओर से नियमित और सघन गश्त की जा रही है, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

नागरिकों ने मांग की है कि वन विभाग और कैंट प्रशासन को निर्देशित कर तत्काल पिंजरा लगाया जाए और नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए और कोई घटना घटित होती है तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

व्यापारी दीपक खंडेलवाल ने बताया कि कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों में भी गुलदार की तस्वीरें कैद हुई हैं, जिससे लोगों में और अधिक भय व्याप्त है। उन्होंने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए पिंजरा लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।