
स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

निकट तहसील विकासनगर में नवनिर्मित खाटू धाम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभ अवसर पर प्राचीन शिव मंदिर कैनाल रोड से भव्य एवं दिव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा मुख्य मार्ग विकासनगर से होते हुए पुनः नवनिर्मित खाटू धाम पहुंचकर संपन्न हुई।


यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन की मधुर धुनों पर भक्ति में सराबोर नजर आए। हाथों में निशान लिए श्याम भक्त पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। वातावरण भक्तिमय हो उठा और पूरा नगर श्याम रंग में रंगा दिखाई दिया।

इस दौरान बाबा के भक्तों ने गुलाल उड़ाकर खुशियां मनाईं और होली भी खेली। भक्तों ने भक्ति रस में डूबकर पुण्य की डुबकी लगाई और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।


मुख्य बाजार में पूर्व मंत्री नव प्रभात एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशन ने निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत एवं सम्मान किया। उनके इस भावपूर्ण स्वागत से श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया।


यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण के स्टॉल लगाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। स्थानीय व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग दिया।


निशान यात्रा में नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी वर्ग तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात रही।
खाटू धाम में यात्रा के समापन के साथ ही श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर नगर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

