सतपुली तहसील दिवस में 44 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

सतपुली तहसील दिवस में 44 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

स्थान : पौड़ी

ब्यूरो रिपोर्ट

पौड़ी जिले की सतपुली तहसील में मंगलवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

तहसील दिवस में विधवा आनंदी देवी का पेंशन प्रकरण प्रमुखता से सामने आया। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि आज ही केवाईसी पूर्ण कर पेंशन स्वीकृत की जाए। वहीं दिव्यांग अशोक कुमार द्वारा स्वरोजगार हेतु आर्थिक सहायता की मांग पर जिला उद्योग महाप्रबंधक को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत उसी दिन आवेदन भरवाकर लाभ उपलब्ध कराने को कहा गया।

नगर पंचायत में सुपरवाइजर पद पर तैनात हर्षवर्धन गौड़ को अक्टूबर से जनवरी तक वेतन न मिलने के मामले में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को 28 फरवरी तक भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में भुगतान न होने पर आरसी के माध्यम से वसूली की चेतावनी भी दी गई।

तहसील दिवस में राष्ट्रीय राजमार्ग 534 के चौड़ीकरण से क्षतिग्रस्त हैंडपंप, पाइपलाइन व अन्य परिसंपत्तियों की शिकायतें भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सड़कों के मुआवजे से जुड़े प्रकरणों पर लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेकर शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया।

डांडा बग्याली मोटर मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त जल संस्थान की पाइपलाइन को 15 मार्च तक हर हाल में दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नौगांवखाल-तुमाखाल मोटर मार्ग पर उखड़े डामरीकरण को भी 15 मार्च तक ठीक करने को कहा गया। जल निगम को ज्वाल्पा पंपिंग योजना एवं भूमियांडांडा पंपिंग योजना का कार्य 28 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय राजमार्ग 534 के मलबे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली की दीवार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर एनएच श्रीनगर को तीन दिन के भीतर मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए। रैतपुर मल्ला निवासी पंचम सिंह की खराब विद्युत मीटर व बिल संबंधी शिकायत पर विद्युत विभाग को एक सप्ताह में समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस दौरान महिला मिलन केंद्र एकेश्वर को जिला योजना में प्रस्तावित करने, पांच सोलर लाइट तत्काल स्वीकृत करने तथा अन्य मांग आधारित प्रस्तावों को जिला योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य सहित जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।