
स्थान : हरिद्वार

रिपोर्टर : धर्मराज

महाशिवरात्रि के अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

रोज़ाना हजारों की संख्या में कांवड़िए और शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।


आगामी महाशिवरात्रि स्नान को लेकर पूरे जनपद में व्यापक रूट प्लान तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

एसपी ट्रैफिक जितेंद्र मेहरा ने बताया कि महाशिवरात्रि स्नान के मद्देनज़र पूरे जनपद में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

नारसन बॉर्डर, भगवानपुर बॉर्डर और चिड़ियापुर बॉर्डर की ओर लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं।


उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में चरणबद्ध तरीके से रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
बड़े वाहनों की एंट्री रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ही रहेगी। दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
केवल आवश्यक और इमरजेंसी वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। यदि कोई बड़ा वाहन जिले में प्रवेश करता है तो उसे बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा।
जिला प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षा उपायों का ध्यान रखते हुए महाशिवरात्रि स्नान का अनुभव लें।

