टी-20 वर्ल्ड कप: ईशान किशन चोटिल, अभिषेक भी बीमार; नामीबिया मैच से पहले टीम इंडिया की चिंता बढ़ी

टी-20 वर्ल्ड कप: ईशान किशन चोटिल, अभिषेक भी बीमार; नामीबिया मैच से पहले टीम इंडिया की चिंता बढ़ी

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बुधवार शाम आयोजित प्रैक्टिस सेशन के दौरान ओपनर ईशान किशन चोटिल हो गए, जबकि दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा पहले से ही बीमारी से जूझ रहे हैं।

प्रैक्टिस के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की यॉर्कर ईशान किशन के बाएं पैर के अंगूठे पर जा लगी। गेंद लगते ही ईशान दर्द से कराहते हुए जमीन पर लेट गए। टीम के फिजियो ने तुरंत उनका परीक्षण किया, जिसके बाद वह लंगड़ाते हुए नेट्स से बाहर चले गए।

हालांकि कुछ देर बाद ईशान ने दोबारा बल्लेबाजी की कोशिश की, लेकिन उनका सत्र ज्यादा देर तक नहीं चल सका। फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से उनकी चोट पर कोई आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया गया है।

उधर, अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण से जूझ रहे हैं। वह दो दिनों तक दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती रहे और बुधवार को उन्हें छुट्टी मिली। ऐसे में उनका नामीबिया के खिलाफ खेलना संदिग्ध माना जा रहा है। युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने बताया कि अभिषेक की फिटनेस पर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा।

यदि अभिषेक उपलब्ध नहीं होते हैं तो विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। संजू ने बुधवार को नेट्स पर करीब 30 मिनट तक अभ्यास किया। शुरुआत में वे सतर्क दिखे, लेकिन बाद में उनकी टाइमिंग बेहतर होती गई। स्पिन के खिलाफ उनका आत्मविश्वास खासा नजर आया, जो नामीबिया के लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज के खिलाफ अहम साबित हो सकता है।

इस बीच तिलक वर्मा ने जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि बुमराह अब बेहतर महसूस कर रहे हैं और यदि सुधार जारी रहा तो वे नामीबिया के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। बुमराह ने प्रैक्टिस में गेंदबाजी के साथ कैचिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया।

टीम मैनेजमेंट नामीबिया के खिलाफ इस मुकाबले को रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मैच से पहले अहम तैयारी के रूप में देख रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों की फिटनेस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।