
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर के मंडी परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब वहां दो खून से लथपथ शव बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि युवक और युवती की हत्या बेरहमी से पत्थरों से कुचलकर की गई थी। दोनों के चेहरे इस कदर कुचले गए थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।


मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह मंडी क्षेत्र में काम पर आए श्रमिकों ने सबसे पहले शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पूरे परिसर को घेरकर सघन जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार युवक की उम्र लगभग 25 साल और युवती की उम्र 20 से 22 साल बताई जा रही है। युवक की जेब से एक पहचान पत्र बरामद हुआ है, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त की जा रही है। वहीं, युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है। अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं।


स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना का दृश्य बेहद दर्दनाक था। शवों के मुंह बुरी तरह से कुचले हुए हैं, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है। पुलिस शवों के पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

प्राथमिक जांच में पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या यह घटना प्रेम प्रसंग या किसी व्यक्तिगत रंजिश से जुड़ी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। फिलहाल, इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
मंडी परिसर में यह घटना इलाके में भय और चिंता का माहौल पैदा कर गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हत्या के पीछे के कारण और अपराधियों तक पहुँचने का प्रयास किया जाएगा।

