हरिद्वार के श्यामपुर वन क्षेत्र में मखना हाथी की संदिग्ध मौत, हड़कंप

हरिद्वार के श्यामपुर वन क्षेत्र में मखना हाथी की संदिग्ध मौत, हड़कंप

स्थान : हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के श्यामपुर वन क्षेत्र के खारा इलाके में हाथी की संदिग्ध मौत से वन विभाग और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। गश्त के दौरान वन कर्मियों को लहूलुहान मखना हाथी का शव मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर रेंजर विनय राठी और एसडीओ पूनम कैथोला टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाथी के शव का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जानकारी एकत्र की।

वेटरनरी डॉक्टर अमित दियानी ने मौके पर पहुंचकर हाथी का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद विभागीय गाइडलाइन के अनुसार शव को सुरक्षित तरीके से दफनाया गया।

एसडीओ पूनम कैथोला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दो हाथियों के बीच संघर्ष में मखना हाथी घायल हुआ। इसके बाद क्षेत्र में मौजूद बाघ ने हमले के चलते उसकी मौत हुई।

स्थानीय लोगों ने श्यामपुर रेंज में मॉनिटरिंग की कमी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि वन्यजीवों पर लगातार नजर रखी जाती, तो हाथी की मौत रोकी जा सकती थी।

स्थानीय लोग विभाग से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हाथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए।

वन विभाग ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए गश्त और निगरानी और कड़ी की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि हाथियों की सुरक्षा उनके लिए प्राथमिकता है।