राजकीय इंटर कॉलेज, लोहाघाट में 79 वर्षों बाद पुरातन छात्र पुनर्मिलन समारोह आयोजित

राजकीय इंटर कॉलेज, लोहाघाट में 79 वर्षों बाद पुरातन छात्र पुनर्मिलन समारोह आयोजित

स्थान : लोहाघाट चंपावत

ब्यूरो रिपोर्ट

जिले की ऐतिहासिक और पहली शिक्षण संस्था राजकीय इंटर कॉलेज, लोहाघाट में 79 वर्षों में पहली बार पुरातन छात्र पुनर्मिलन समारोह का आयोजन हुआ।

यह समारोह भावनाओं, स्मृतियों और गौरव के अनूठे संगम का साक्षी बना। वर्षों बाद बिछड़े साथी एक ही छत के नीचे मिलने पर पूरा परिसर तालियों, हंसी और भावुक पलों से गूंज उठा।

पूर्व छात्रों ने विद्यालय पहुंचते ही ज्ञान के दीपक के समक्ष शीश नवाया, विद्यालय की पावन माटी का तिलक लगाया और अपने छात्र जीवन की सुनहरी यादों को फिर से जीवंत किया। सभी ने संस्थापक पंडित बेनीराम पुनेठा को श्रद्धापूर्वक नमन किया

और पाटन गांव के पाटनी एवं पांडे वंश के उन दानवीरों को स्मरण किया, जिन्होंने विद्यालय भवन निर्माण हेतु 22 एकड़ भूमि दान कर शिक्षा का दीप प्रज्वलित किया।

समारोह की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष मनोहर सिंह करायत ने की और संयोजक शाम चौबे एवं प्रमोद पाटनी के संचालन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

प्रधानाचार्य एवं खंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम भट्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संवार चुका है।

पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि इस विद्यालय से उनका रिश्ता आत्मा और परमात्मा जैसा है। शिक्षाविद् बंशीधर कॉलोनी, केंद्रीय विद्यालय के पूर्व प्राचार्य वासुदेव ओली ने कहा कि शिक्षक और शिक्षण संस्था का छात्र के व्यक्तित्व निर्माण में गहरा प्रभाव पड़ता है।

पूर्व छात्रों ने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाकर उन्हें ऊंचे मुकाम तक पहुँचाने का प्रयास करें। संयोजक शिक्षक श्याम चौबे ने इस परंपरा को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

इस समारोह में देश और विदेश में बसे पूर्व छात्र भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। लंदन से ईलारा कंपनी के सीईओ राज भट्ट, मुंबई से लड़वाल फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र लड़वाल, हिमाचल प्रदेश से पूर्व चीफ इंजीनियर बीडी जोशी,

गाजियाबाद से यूपीसीएल के हर्षित मौर्या और कैलिफोर्निया से दीप प्रकाश जोशी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

कैलिफोर्निया से दीप प्रकाश जोशी ने विद्यार्थियों के लिए 50-50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने की घोषणा की, वहीं कार्यक्रम संयोजक शाम चौबे ने अपने पिता स्व. शिरोमणि चौबे के नाम पर 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति शुरू करने की घोषणा कर समारोह को और भी गौरवपूर्ण बना दिया।