औली विंटर कार्निवाल व राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप को लेकर तैयारियों में जुटा प्रशासन

औली विंटर कार्निवाल व राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप को लेकर तैयारियों में जुटा प्रशासन

स्थान : औली
ब्यूरो रिपोर्ट

औली में प्रस्तावित विंटर कार्निवाल और राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन चमोली युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं।

औली में आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल और राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में इवेंट से जुड़े सभी विभागों—आवास, पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं—को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

इसी क्रम में बर्फ की ताजा स्थिति का जायजा लेने और औली नेशनल विंटर गेम्स कार्निवाल से पहले तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार हिम क्रीड़ा स्थली औली पहुंचे। उन्होंने औली की 1.35 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय स्तर की दक्षिण मुखी स्कीइंग ढलानों का निरीक्षण किया और बर्फ की गुणवत्ता व मोटाई की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कीइंग प्रतियोगिताओं के लिए ढलानों को पूरी तरह सुरक्षित और मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि खिलाड़ियों और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन का लक्ष्य है कि औली विंटर कार्निवाल और राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन पूरी भव्यता और सुरक्षा के साथ किया जाए, जिससे औली एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशेष पहचान बना सके।