खटीमा में फसल बर्बादी के खिलाफ उबाल, किरण तलवार के आवास पर हुई महापंचायत, उग्र आंदोलन की चेतावनी

खटीमा में फसल बर्बादी के खिलाफ उबाल, किरण तलवार के आवास पर हुई महापंचायत, उग्र आंदोलन की चेतावनी

लोकेशन : खटीमा
रिपोर्ट – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा स्थित अशोक फॉर्म में करीब 120 से 125 एकड़ में खड़ी फसल को बेरहमी से जोते जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना से आक्रोशित किसानों और ग्रामीणों ने किरण तलवार के आवास पर एक विशाल महापंचायत का आयोजन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। किसानों का कहना है कि हाल ही में की गई कार्रवाई में लहलहाती फसल को बिना पूर्व सूचना और उचित प्रक्रिया के नष्ट कर दिया गया, जिससे उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई।

महापंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि चूंकि खटीमा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गृह क्षेत्र है और कल उनका खटीमा आगमन प्रस्तावित है, इसलिए क्षेत्रीय जनता मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देगी।

भाजपा किसान मोर्चा के संयोजक मनोज शाही के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगा। इस अवसर पर मनोज शाही ने कहा,
“हमें अपने मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है कि वे किसानों को न्याय दिलाएंगे। जिन अधिकारियों ने यह गलत कार्रवाई की है और किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। मुख्यमंत्री हमारे अपने गांव के हैं और किसानों का दर्द भली-भांति समझते हैं।”

ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली वार्ता उनके लिए निर्णायक होगी। यदि शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस और संतोषजनक समाधान नहीं निकला, तो समस्त ग्रामवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।

अब क्षेत्र की जनता और किसानों की निगाहें मुख्यमंत्री धामी के कल होने वाले खटीमा दौरे और उनके द्वारा इस मामले में लिए जाने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं।