द्वाराहाट विकासखंड में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत बूट कैंप आयोजित, 200 महिलाओं ने लिया भाग

द्वाराहाट विकासखंड में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत बूट कैंप आयोजित, 200 महिलाओं ने लिया भाग

लोकेशन : द्वाराहाट
ब्यूरो रिपोर्ट

द्वाराहाट विकासखंड के सभागार में आज मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत बूट कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में एनआरएलएम से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों की लगभग 200 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कैंप में हवालबाग से आरबीआई के बीपीईडी हेमंत बजेठा, खंड विकास अधिकारी संतोष जेठी, कॉर्डिनेटर प्रकाश आर्या, प्रदीप पांडे सहित अन्य अधिकारी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।

महिला समूहों ने घरेलू उत्पाद निर्माण, अचार, मशरूम उत्पादन, धूप-मोमबत्ती निर्माण, एपन कला, दुग्ध व्यवसाय और सब्जी उत्पादन जैसे विषयों पर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

विशेषज्ञों द्वारा इन गतिविधियों को व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।

कैंप में यह भी जानकारी दी गई कि यदि किसी महिला समूह को स्वरोजगार को विस्तार देने के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता होती है, तो उन्हें ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऋण की कुल राशि का एक तिहाई हिस्सा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि शेष राशि समूह द्वारा चुकाई जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। बूट कैंप के माध्यम से महिलाओं में उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।