सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष की बैठक, कर्मचारियों के हितों पर सख्त रुख

सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष की बैठक, कर्मचारियों के हितों पर सख्त रुख

स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

आईएसबीटी स्थित नगर निगम सभागार में सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में सफाई कर्मचारियों के हितों, सुविधाओं और अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज का एक अहम हिस्सा हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा व अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों को सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान पर्यावरण मित्रों ने अपनी विभिन्न समस्याएं आयोग उपाध्यक्ष के समक्ष रखीं। मकवाना ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि कर्मचारियों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आयोग उपाध्यक्ष ने विशेष रूप से जल संस्थान के अधिकारियों को बिना सुरक्षा उपकरणों के सफाई कर्मचारियों को सीवर टैंक में उतारने पर कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा बैठक में मृतक सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। राज्य मंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा व भविष्य सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।