पाबौ के खंडुली गांव में भालू का हमला, महिला गंभीर, एयर एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर

पाबौ के खंडुली गांव में भालू का हमला, महिला गंभीर, एयर एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर

स्थान –पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद पौड़ी के पाबौ विकासखंड स्थित खंडुली गांव में भालू के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे जंगल में पशु चारा लेने गई एक महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला की पहचान ज्योति देवी पत्नी जगदीश के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया,

जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी।

मामले की जानकारी मिलते ही नितिन रावत, जेस्ट प्रमुख ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को अवगत कराया। मंत्री के निर्देश पर घायल महिला को एयर एंबुलेंस के जरिए हायर सेंटर स्थित मैच अस्पताल भेजा गया, जिससे समय पर बेहतर उपचार संभव हो सका।

घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस नेता विनोद धानोशी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य मंत्री का धन्यवाद करते हैं

कि महिला को एयरलिफ्ट कराया गया, लेकिन साथ ही उन्होंने मांग की कि इस तरह की सुविधा केवल एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित न रहे, बल्कि उत्तराखंड के हर क्षेत्र में ऐसी आपात व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

पौड़ी जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।

वहीं जिला पंचायत सदस्य कलूण भरत रावत ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि पौड़ी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जंगली जानवरों की बढ़ती घटनाएं ग्रामीणों को पलायन के लिए मजबूर कर रही हैं।

लगातार हो रहे जंगली जानवरों के हमलों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने,

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।