कालसी में देर रात भीषण आग, लाखों का नुकसान, दो कांस्टेबल झुलसे

कालसी में देर रात भीषण आग, लाखों का नुकसान, दो कांस्टेबल झुलसे

स्थान – कालसी
ब्यूरो रिपोर्ट

कालसी से बड़ी खबर सामने आई है, जहां देर रात एक आवासीय मकान में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि स्थानीय लोगों के तमाम प्रयास भी नाकाम साबित हुए।

यह घटना देर रात की बताई जा रही है, जब कालसी तहसील से सेवानिवृत्त कर्मचारी मदन सिंह के आवासीय मकान में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों और बढ़ती आग के सामने किसी की एक न चली। सूचना मिलने पर कालसी थानाध्यक्ष दीपक धारीवाल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

मकान संकरी जगह पर स्थित होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद पुलिस, तहसील प्रशासन, फायर सर्विस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

इस भीषण आग में मकान के भीतर रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। वहीं कुछ मवेशी भी आग की चपेट में आकर झुलस गए, जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आग बुझाने में जुटे कांस्टेबल त्रेपन सिंह और संतोष कर्नवाल मामूली रूप से झुलस गए। दोनों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना के दौरान पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी, फायर सर्विस, विद्युत विभाग और राजस्व विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।