
स्थान – भगवानपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

भगवानपुर थाना क्षेत्र में खनन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद नजर आ रहे हैं कि वे खुलेआम लोगों को जान से मारने की धमकियां देने से भी नहीं हिचक रहे। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में बालू खनन से जुड़े लोग ट्रैक्टर के आगे आने वाले को जान से मारने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


वीडियो में सुनाई दे रहे शब्द—“जो ट्रैक्टर के आगे आएगा, वो मारा जाएगा”—खनन माफियाओं की बेखौफ मानसिकता को उजागर करते हैं। आरोप है कि ये लोग सरकारी सिस्टम से सांठगांठ कर दिन-रात सोलानी नदी में अवैध खनन कर रहे हैं और सरकार के राजस्व को लाखों का नुकसान पहुंचा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही अवैध खनन का काम तेज हो जाता है। खनन माफियाओं को न तो पुलिस का डर है और न ही प्रशासन का कोई खौफ दिखाई देता है। खुलेआम रेत की चोरी की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।

सामने आई तस्वीरों और वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि किस तरह खनन माफिया एक गरीब ग्रामीण पर रौब गालिब करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि धामी सरकार के कार्यकाल में भी सोलानी नदी से अवैध रूप से रेत का खनन कर उसे ले जाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन का यह खेल नया नहीं है। इस कारोबार में धमकी देना, किसी को कुचलने की कोशिश करना और यहां तक कि हत्या तक की घटनाएं आम हो चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि खनन माफियाओं के तार बड़े-बड़े अधिकारियों से जुड़े होने के कारण उनके हौसले और भी बढ़े हुए हैं।

अब सवाल सीधे तौर पर कानून व्यवस्था पर खड़ा हो रहा है। क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व आपसी सांठगांठ कर खुद को खनन माफिया बताकर प्रशासन का रौब दिखाते हुए लोगों को खुलेआम धमकाते नजर आ रहे हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन ने जांच कर दोषियों पर कठोर कदम उठाने का भरोसा दिलाया है, लेकिन अब देखने वाली बात यह होगी कि खनन माफियाओं पर वास्तव में कितनी प्रभावी कार्रवाई होती है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था कब तक पटरी पर लौटती है।

