
स्थान – सितारगंज
रिपोर्ट – तनवीर अंसारी

मंगलवार को तहसील परिसर में आयोजित तहसील दिवस में अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को लगने वाले तहसील दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।


तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश सासनी ने फरियादियों की लगभग 40 समस्याएं सुनीं। इनमें से 25 समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस के दौरान डॉक्टर जगदेव सिंह और भाजपा नेता अनिरुद्ध राय ने किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही नगर के तिरंगा चौक पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया।


नगरवासियों ने बताया कि तिरंगा चौक पर रोजाना जाम लगने से आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने चौक के बीच बने रोड डिवाइडर की गोलाई कम करने की मांग रखी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।
तहसील दिवस के उपरांत सीडीओ दिवेश सासनी ने संबंधित अधिकारियों के साथ तिरंगा चौक का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जेल रोड पर लंबे समय से बंद पड़े पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया और उसके पुनः संचालन को लेकर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने तिरंगा चौक की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एनएचआई के अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने चौक का निरीक्षण कर रोड डिवाइडर की गोलाई कम करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


तहसील दिवस में उप जिलाधिकारी रविंद्र जुवाठा, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, मुख्य शिक्षा अधिकारी, विकासखंड अधिकारी, कोतवाल सुंदरम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

