खटीमा में मामूली विवाद के बाद हिंसक झड़प, तीन युवक गंभीर घायल

खटीमा में मामूली विवाद के बाद हिंसक झड़प, तीन युवक गंभीर घायल

स्थान – खटीमा जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड

रिपोर्ट- अशोक सरकार

उधम सिंह नगर जनपद के सीमांत खटीमा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार, 2 फरवरी की देर रात मामूली विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान चाकू और तलवार से किए गए हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ के बीच एक-दो लोगों को तलवार से वार करते हुए और एक युवक को लात-घूंसे से बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।

हमले में घायल युवकों की पहचान जावेद, नवाब और निसार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इस्लामनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खटीमा नागरिक उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया, जबकि एक घायल का इलाज खटीमा अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि हमले में एक युवक का हाथ कट गया, जबकि दूसरे युवक का पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद मोटरसाइकिल हटाने को लेकर हुई कहासुनी से शुरू हुआ, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठा। देखते ही देखते चाकू और तलवार चलने लगी, जिसमें तीनों युवक हमले की चपेट में आ गए।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए खटीमा कोतवाल वीरेंद्र शाह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दर्ज कराई जा रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े कुछ लोगों को चिन्हित कर लिया है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

वहीं, लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने खटीमा की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2025 में खटीमा में तुषार शर्मा की हत्या हुई थी

, जबकि जनवरी 2026 में चाकूबाजी की यह दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। इन घटनाओं से नगर में दहशत का माहौल बना हुआ है, जिस पर पुलिस ने व्यापार मंडल चुनावों के मद्देनज़र गश्त बढ़ाने और जागरूकता अभियान चलाने की बात कही है।