
स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश बॉडीबिल्डिंग एवं फिटनेस एसोसिएशन की ओर से आगामी बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में एसोसिएशन अध्यक्ष विवेक तिवारी ने प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की।


विवेक तिवारी ने बताया कि यह एसोसिएशन का नौवां भव्य आयोजन होगा, जिसे बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जिससे ऋषिकेश को एक नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन दो दिन तक चलेगा। 7 फरवरी को पावरलिफ्टिंग और आर्म रेसलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 8 फरवरी को उत्तराखंड की सबसे बड़ी बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

यह प्रतियोगिता आशीर्वाद वाटिका, हरिद्वार रोड, ऋषिकेश में आयोजित होगी। आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसोसिएशन के संरक्षकों ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता को ‘नशा मुक्त शहर’ थीम पर आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा।


प्रतियोगिता में मिस्टर हिमालया, मिस्टर उत्तराखंड, जूनियर मिस्टर उत्तराखंड, मिस्टर ऋषिकेश सहित विभिन्न कैटेगरी में मुकाबले होंगे। मिस्टर हिमालया के विजेता को 61 हजार रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि दी जाएगी।

एसोसिएशन ने युवाओं से अपील की है कि वे नशे से दूर रहकर फिटनेस और खेलों को अपनाएं। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

