
स्थान – चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पांडे ने शुक्रवार को अपने चंपावत दौरे के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन चंपावत बाईपास तथा स्वाला डेंजर जोन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान सचिव पंकज पांडे ने एनएच के अधिशासी अभियंता दीपक जोशी को निर्देशित किया कि चंपावत बाईपास मार्ग का निर्माण कार्य दो वर्षों के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही स्वाला डेंजर जोन का उपचारात्मक कार्य मार्च 2026 तक पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।


अधिशासी अभियंता दीपक जोशी ने बताया कि स्वाला डेंजर जोन का ट्रीटमेंट कार्य लगातार प्रगति पर है और इसे मार्च 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंपावत बाईपास के निर्माण को लेकर भी विभाग द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है और निर्धारित समय में इसे पूरा करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।


निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण ने लोहाघाट बाईपास मार्ग के निर्माण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोहाघाट बाईपास के लिए नया प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बताया गया कि भूमि चयन न होने के कारण लोहाघाट बाईपास का कार्य फिलहाल अटका हुआ है, जबकि चंपावत बाईपास की निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
इसके अतिरिक्त सचिव पंकज पांडे ने टनकपुर से पूर्णागिरि मंदिर तक राज्य मार्ग संख्या-108 (एसएच-108) पर चल रहे निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। सचिव ने कहा कि यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सचिव लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क अवसंरचना का सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ सड़क नेटवर्क विकसित करना शासन की प्रतिबद्धता है, ताकि आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

गौरतलब है कि स्वाला डेंजर जोन में बरसात के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग कई-कई दिनों तक बंद रहता है, जिससे चंपावत के साथ-साथ पिथौरागढ़ जिले की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, अधिशासी अभियंता दीपक जोशी सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

