नानकमत्ता में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल बस की टक्कर से तीन की मौत, अलग हादसे में महिला ने भी गंवाई जान

नानकमत्ता में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल बस की टक्कर से तीन की मौत, अलग हादसे में महिला ने भी गंवाई जान

स्थान – चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

नानकमत्ता थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रतापपुर इलाके में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल खटीमा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

नानकमत्ता थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि यह हादसा प्रतापपुर क्षेत्र के एन-09 के पास हुआ। स्कूल बस से टकराई बाइक पर सवार तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान देवेंद्र सिंह राणा, राजेश सिंह राणा और एक अन्य राजेश सिंह राणा के रूप में हुई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक चिकित्सालय खटीमा भेज दिया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इसी दौरान नानकमत्ता क्षेत्र में एक और दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। वन विभाग के एक कर्मचारी ने अपने वाहन से विमला देवी नाम की महिला को टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए नागरिक चिकित्सालय खटीमा लाया गया है।

दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है, लेकिन इसके बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही खटीमा से कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी भी नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।