
लोकेशन : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

देवभूमि उत्तराखंड ने खेल जगत में एक बार फिर अपने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के जरिए नाम रोशन किया है। शूटिंग बॉल विश्व कप के लिए भारतीय टीम में रुड़की के दो होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिससे पूरे प्रदेश में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।


रुड़की क्षेत्र के ग्राम बेल्डी निवासी सूरज चौधरी पुत्र श्री जगपाल सिंह और ग्राम शेरपुर खेलमऊ निवासी नवनीत कुमार पुत्र नरेंद्र सिंह को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। यह चयन 44वीं सीनियर शूटिंग बॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान चयन समिति द्वारा किया गया।


दूसरा शूटिंग बॉल विश्व कप 1 से 3 फरवरी तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 15 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और इसे शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा एशियन एवं इंटरनेशनल शूटिंग बॉल फेडरेशन के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है।

पूरे देश से चुने गए 12 खिलाड़ियों में उत्तराखंड के दो खिलाड़ियों का चयन राज्य के खेल इतिहास में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पिछले पांच वर्षों से सूरज चौधरी और नवनीत कुमार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

चयनित खिलाड़ी सूरज चौधरी ने कहा कि भारतीय टीम में चयन उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वे विश्व कप में देश और देवभूमि का नाम रोशन करने की पूरी कोशिश करेंगे।
प्रदेशवासियों ने दोनों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचने के लिए उनकी मेहनत और लगन के लिए सराहा। इस उपलब्धि ने छोटे गांवों के युवाओं के लिए प्रेरणा का काम किया है।

रुड़की के ये दो खिलाड़ी यह साबित कर चुके हैं कि कड़ी मेहनत, समर्पण और जूनून से किसी भी छोटे क्षेत्र से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचा जा सकता है।

