ऋषिकेश पुलिस ने वर्ष 2021 से फरार महिला आरोपी को रुड़की से गिरफ्तार किया

ऋषिकेश पुलिस ने वर्ष 2021 से फरार महिला आरोपी को रुड़की से गिरफ्तार किया

लोकेशन – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा करने के मामले में वर्ष 2021 से फरार चल रही महिला आरोपी ममता शर्मा को रुड़की से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ममता शर्मा पत्नी देवेंद्र कुमार शर्मा, निवासी दौलतपुर, मेरठ (उत्तर प्रदेश) है। वर्ष 2021 में गुड़गांव निवासी निकुंज गोयल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता रीता रानी की गैरमौजूदगी में एक महिला ने खुद को रीता रानी बताकर उनकी जमीन का बैनामा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कर दिया।

मुकदमे में हरकेश कुमार, मुकेश कुमार प्रजापति, हरिओम सक्सेना, अंकुर दत्त शर्मा और राजेश कुमार का नाम शामिल था। जांच में सामने आया कि खुद को रीता रानी बताने वाली महिला अंकुर दत्त शर्मा की मां, ममता शर्मा थी।

इस खुलासे के बाद से ममता शर्मा पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार फरार रही। पुलिस समय-समय पर उसके ठिकानों पर दबिश देती रही, लेकिन आरोपी ठिकाना बदलते हुए पुलिस की नजरों से बचती रही

अंततः कड़ी छानबीन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ममता शर्मा को रुड़की से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया और पुलिस ने मामले की अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अन्य अपराधियों को संदेश मिलेगा कि कानून के हाथ लंबी दूरी तक पहुँचते हैं और कोई भी आरोपी लंबे समय तक पुलिस से बच नहीं सकता।