गौरीखेड़ा में 20 लाख की सड़क का शिलान्यास, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया शुभारंभ

गौरीखेड़ा में 20 लाख की सड़क का शिलान्यास, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया शुभारंभ

स्थान : सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट

सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के क्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने ग्राम सभा गौरीखेड़ा में बनने वाली मुख्य सड़क का शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण पर करीब 20 लाख रुपये की लागत आएगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठाई थी, जिसके बाद अब इस कार्य की शुरुआत होने पर लोगों ने खुशी जताई।

ग्राम प्रधान ताहिर मलिक ने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताते हुए कहा कि चुनाव से पहले क्षेत्र के रुके हुए विकास कार्यों को पूरा कराने का भरोसा दिया गया था। अब एक-एक कर विकास कार्य धरातल पर उतर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गौरीखेड़ा की मुख्य सड़क का निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। सड़क की स्थिति बेहतर होने से गांव के लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वालों को भी राहत मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि गौरीखेड़ा में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से मुख्य सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया है। क्षेत्र में कुछ अन्य लंबित कार्य भी हैं, जिन्हें जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

बहुगुणा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं और जनता से किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों से योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने की अपेक्षा जताई।

नगर पालिका से जुड़े विकास कार्यों पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पालिका अध्यक्ष का कार्यकाल अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है और नालों की व्यवस्था सुधारने के लिए करीब 155 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास पहल बताया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि स्वीकृत योजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए, ताकि जनता को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा कर आम लोगों को राहत देना सरकार की प्राथमिकता है।