देहरादून: महानगर बस सेवा समिति ने परिवहन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया, टाटा मैजिक परमिट विवाद

देहरादून: महानगर बस सेवा समिति ने परिवहन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया, टाटा मैजिक परमिट विवाद

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी देहरादून में महानगर बस सेवा समिति ने परिवहन विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शहर में चल रहे सार्वजनिक वाहन टाटा मैजिक के परमिट नवीनीकरण और नियमों का पालन न किए जाने को लेकर अपनी मांगें रखीं।

महानगर सिटी बस सेवा समिति के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने बताया कि नैनीताल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने 3 सितंबर 2025 को आदेश दिया था

कि 8 सीटर या सिंगल दरवाजे वाले टाटा मैजिक वाहनों का कोई भी परमिट नवीनीकरण नहीं किया जाएगा। लेकिन आरटीओ देहरादून वर्तमान में इन वाहनों के परमिट का नवीनीकरण कर रहा है, जो हाई कोर्ट के आदेश की स्पष्ट अवमानना है।

विजय वर्धन ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग द्वारा 8 से 10 सीटर टाटा मैजिक वाहनों को सिटी बस के रूप में स्टेज कैरिज बस परमिट दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि कुछ परिवहन अधिकारी भ्रष्टाचार कर इन सभी कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।

उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो उनका प्रदर्शन और उग्र होगा। इसके साथ ही उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल और दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन करने की भी बात कही।

वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने डंडरियाल के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि विभाग हाई कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक ही कार्य कर रहा है और इस मामले में अब आवश्यक बदलाव भी किए गए हैं।

इस विवाद ने शहर में सार्वजनिक परिवहन और सरकारी नियमों के पालन को लेकर समीक्षा और बहस को जन्म दे दिया है।