
ब्यूरो रिपोर्ट
स्थान : मसूरी
रविवार को कैंपटी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। थाना कैंपटी को दोपहर लगभग 12:35 बजे सूचना मिली कि काड़ी खाल के पास एक वाहन सड़क से करीब 200 मीटर नीचे नाले/गदेरे में गिरा हुआ है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि वाहन संख्या यूके 07 एफपी 0359, नीले रंग की मारुति सुजुकी XL-6 कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में नाले में पड़ी थी।


पुलिस ने गदेरे में उतरकर वाहन की जांच की। जांच के दौरान पानी में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया। आसपास क्षेत्र में तलाश करने पर कोई अन्य घायल या मृत व्यक्ति नहीं मिला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सनी उर्फ विजय, निवासी कांधला, शामली, उम्र लगभग 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उक्त वाहन में कुल 6 लोग सवार थे। सभी शनिवार रात लगभग 10:30 बजे आइसबर्ग होटल, कैंपटी पहुंचे थे। रात्रि करीब 11:00 बजे वाहन चालक भोजन करने के बाद गाड़ी में सोने चला गया था।


वाहन स्वामी पीयूष जैन ने बताया कि उन्होंने रात करीब 1:00 बजे वाहन को होटल के बाहर खड़ा देखा था, लेकिन सुबह लगभग 7:00 बजे वाहन वहां मौजूद नहीं मिला। इसके बाद वाहन की तलाश शुरू की गई।


प्रारंभिक अनुमान है कि देर रात या तड़के वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और अन्य सवारियों की सुरक्षा की पुष्टि करने में लगी है।

